
चेक डैम और विश्वविद्यालय निर्माण में गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता : जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार
मीरजापुर, 4 अगस्त। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मंगलवार को जोगियादरी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित चेक डैम निर्माण कार्य की प्रगति और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर स्थल का सर्वेक्षण कर मानचित्र और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सर्वे के दौरान सीपेज की संभावना का परीक्षण करने को भी कहा। अधिशासी अभियंता एमसीडी को चेक डैम निर्माण का विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू कराया जा सके।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने एडमिन ब्लॉक, एकेडमिक ब्लॉक-ए एवं बी सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के उपयोग तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने शासन की प्राथमिकता के अनुरूप जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रेनाइट और टाइल्स की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, लेक्चर रूम और पौधरोपण कार्य को भी बेहतर ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, अधिशासी अभियंता एमसीडी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।














