
कछवां में लापता 8 माह की बच्ची का सिर खेत में मिला, जंगली जानवर द्वारा शव क्षत-विक्षत किए जाने की आशंका
मीरजापुर। थाना कछवां क्षेत्र के ग्राम आही में 28/29 जुलाई 2026 की रात डेरे से लापता हुई 8 माह की बच्ची का सिर
शनिवार को उसके घर के सामने स्थित खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम आही निवासी अकबर पुत्र एकलाख की 8 माह की पुत्री के लापता होने के मामले में थाना कछवां पर मुकदमा संख्या 173/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश की जा रही थी।
शनिवार को बच्ची के घर के सामने खेत में मानव कंकाल (सिर) के अवशेष मिले, जिनकी पहचान गुमशुदा बच्ची के रूप में की गई। पुलिस ने अवशेष को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर जानवर के पैरों के निशान भी मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि किसी जंगली या आवारा जानवर ने बच्ची को उठाकर ले जाने के बाद शव को क्षत-विक्षत कर दिया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।















