
मीरजापुर पुलिस की तीन बड़ी कार्रवाइयां, दहेज हत्या के 5 आरोपी गिरफ्तार, कच्ची शराब के साथ एक दबोचा
मीरजापुर, 1 अगस्त। मीरजापुर पुलिस ने शनिवार को अलग-अलग मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, अवैध कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 19 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
मिर्जापुर पुलिस ने बताया कि कछवां थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को बधवा निवासी पप्पू ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया गया और उसकी हत्या कर दी गई।
इस संबंध में थाना कछवां में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वाराणसी जनपद के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित लेरूवाई गांव से रामधनी, जानकी देवी, पवन कुमार, सुषमा और नीलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वहीं चिल्ह थाना पुलिस ने तिलठी चौराहे के पास से बडेदीन निवासी नयेपुर को 10 लीटर देशी कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 19 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें विंध्याचल थाना क्षेत्र से 3, कोतवाली कटरा से 2, कोतवाली देहात से 5, लालगंज से
2, संतनगर से 1, अहरौरा से 5 तथा राजगढ़ थाना क्षेत्र से 1 व्यक्ति शामिल है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।















