मड़िहान पुलिस द्वारा चोरी का खुलासा, बाल अपचारी समेत तीन हिरासत में

मीरजापुर। मड़िहान थाना पुलिस ने खेतों से बैटरी और मोनो ब्लॉक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक बाल अपचारी सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार/हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की चार बैटरियां और तीन मोनो ब्लॉक बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को मटिहानी निवासी अलीशेर ने खेत पर लगे मोनो ब्लॉक और बैटरी चोरी होने की तहरीर दी थी। इस पर मड़िहान थाने में बीएनएस की धारा 305(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में मड़िहान पुलिस ने भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। मुखबिर की सूचना के आधार पर शनिवार को राजापुर निवासी मोहित प्रजापति (22) और रोहन यादव (19) के साथ एक बाल अपचारी को पकड़ लिया गया।

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई चार बैटरियां और तीन मोनो ब्लॉक बरामद हुए। इसके बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई।

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया, जबकि बाल अपचारी को विधिक प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह भेजा गया। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र भूषण मौर्य तथा उप निरीक्षक राजाराम यादव के नेतृत्व में मड़िहान थाना पुलिस टीम ने की।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें