
विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस पर डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में दीक्षा संस्कार व सम्मान समारोह
मीरजापुर। विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस के अवसर पर डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल की लोहिया तालाब शाखा के सभागार में विद्यालय की तीनों शाखाओं—नारघाट, लोहिया तालाब एवं संकट मोचन—के स्काउट, गाइड, कब एवं बुलबुल का दीक्षा संस्कार एवं सम्मान समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट ध्वज के समक्ष देश सेवा एवं कर्तव्यों के पालन का संकल्प लेकर किया गया। नवदीक्षित बच्चों का स्कार्फ पहनाकर एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि डायरेक्टर अपराजिता सिंह ने स्काउट-गाइड विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विश्व बंधुत्व, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। समारोह में प्रादेशिक साहसिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 स्काउट तथा 19वीं राष्ट्रीय डायमंड जुबली जंबूरी में प्रतिभाग करने वाले 18 स्काउट्स को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जनपद एवं विद्यालय स्तर की विभिन्न स्काउट-गाइड गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र दिए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ स्काउट मास्टर रवि प्रकाश सिंह को राष्ट्रीय स्तर के H.W.B. प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र एवं स्कार्फ प्रदान कर सम्मानित किया गया। सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त राजेश प्रजापति, जिला प्रशिक्षण आयुक्त कुलदीप शुक्ला एवं जिला गाइड कैप्टन सत्यमवदा सिंह ने विद्यार्थियों को राज्य पुरस्कार, राष्ट्रपति पुरस्कार एवं प्रधानमंत्री शील्ड प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
वीर सुभाष चन्द्र बोस ग्रुप के संचालक कृष्ण मोहन शुक्ला ने कहा कि विंध्याचल मंडल के सीबीएसई विद्यालयों में डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल का स्काउटिंग-गाइडिंग कार्यक्रम उत्कृष्ट है। कार्यक्रम में विद्यालय के एकेडमिक हेड, प्रधानाचार्या, उपप्रधानाचार्या एवं समन्वयक उपस्थित रहे। संचालन स्काउट मास्टर संजय कुमार एवं सुरेश कुमार ने किया, जबकि अंत में प्रधानाचार्य मोहित चौधरी एवं डायरेक्टर अमरदीप सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।















