
रेलवे स्टेशन पर 21 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
मिर्जापुर। जीआरपी मिर्जापुर पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। दोनों आरोपी बिहार के पटना जिले के निवासी हैं और ट्रेन के माध्यम से उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में थे।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक रजनेश कुमार वर्मा के निर्देशन में प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर उनके बैग की तलाशी ली। तलाशी में दोनों के बैग से कुल 28 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल मात्रा 21 लीटर है, बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमित कुमार पुत्र ओम प्रकाश ठाकुर निवासी थाना राजीव नगर, पटना तथा आकाश कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासी थाना हवाई अड्डा, पटना (बिहार) के रूप में हुई। दोनों की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर ट्रेन के जरिए बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचते थे। बरामदगी के आधार पर दोनों के विरुद्ध जीआरपी थाना मिर्जापुर में मु.अ.सं. 143/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी से शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।















