
श्रावण मास से पहले कांवड़ मार्ग पर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया निरीक्षण
भरुहना में गड्ढा तत्काल भरने, बैरीकेटिंग लगाने तथा बरियाघाट से शिवद्वार मंदिर तक सड़क दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
मीरजापुर। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त राजेश प्रकाश एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम ने लोक निर्माण विभाग (PWD), राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तथा नगर पालिका के अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भरुहना स्थित विन्ध्यनानी कॉलेज के पास सड़क पर बने गड्ढे को तत्काल भरने तथा वहां सुरक्षा की दृष्टि से बैरीकेटिंग लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बरियाघाट से शिवद्वार मंदिर तक पूरे कांवड़ मार्ग की सड़कों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुरुस्त रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त और डीआईजी ने अधिकारियों से कहा कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं तथा मार्ग की लगातार निगरानी की जाए।















