मीरजापुर पुलिस लाइन में 392 रिक्रूट आरक्षियों की भव्य पासिंग आउट परेड संपन्न

मीरजापुर। पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में रविवार को रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत/पासिंग आउट परेड समारोह 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 14 टोलियों के कुल 392 रिक्रूट आरक्षियों ने नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद आकर्षक परेड का प्रदर्शन कर अपनी दक्षता का परिचय दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक, विन्ध्याचल परिक्षेत्र आर.पी. सिंह रहे, जिनका स्वागत पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। मुख्य अतिथि ने परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया तथा सुसज्जित टोलियों का निरीक्षण करते हुए मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे रिक्रूट आरक्षियों ने ध्यानपूर्वक सुना। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा तथा जनसुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद टोलियों ने अनुशासित ढंग से प्रस्थान किया।

समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया। मो. सिराज को सर्वांग सर्वोत्तम घोषित किया गया, जबकि दीपक कुमार ने आउटडोर परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। परेड कमांडर के रूप में कृष्णदत्त, अभिषेक पाण्डेय और अरबाज खान को दायित्व निभाने पर सराहा गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें