
मीरजापुर में पुलिस मुठभेड़: शातिर लुटेरा पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, ₹5,300 और तमंचा बरामद
अहरौरा। मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में पुलिस और लूट के वांछित अभियुक्त के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त जावेद पुत्र इस्लाम (23 वर्ष), निवासी दुर्गाजी पहाड़ी नई बस्ती, अहरौरा सुरभी शोध संस्थान तपोवन मार्ग हिनौता रोड की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने सुरभी शोध संस्थान के पास घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि रोकने पर जावेद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, लूट के ₹5,300 नकद तथा वादी का आधार कार्ड बरामद हुआ।
टोल प्लाजा के पास ट्रक चालक से लूट का आरोप
पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि 22 अगस्त को उसने अपने साथियों के साथ अहरौरा टोल प्लाजा के पास एक ट्रक चालक की जेब से पर्स और मोबाइल छीन लिया था। पुलिस के मुताबिक, बरामद ₹5,300 और आधार कार्ड उसी लूट की घटना से संबंधित हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त थाना अहरौरा का हिस्ट्रीशीटर भी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, आयुध अधिनियम, गिरोहबंद अधिनियम और अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मुठभेड़ की घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अहरौरा अजय कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी अहरौरा नगर आशीष कुमार सिंह समेत पुलिस टीम शामिल रही।















