मीरजापुर में 31 जुलाई से 29 अगस्त तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, जानिए किन मार्गों पर रहेगी रोक

श्रावण मास में मीरजापुर में 31 जुलाई से 29 अगस्त तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, जानिए किन मार्गों पर रहेगी रोक

मीरजापुर। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए मीरजापुर पुलिस ने 31 जुलाई 2026 से 29 अगस्त 2026 तक जिले में व्यापक यातायात डायवर्जन लागू किया है। इस दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी तथा प्रमुख मार्गों पर वाहनों का रूट बदला जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार, शनिवार, रविवार, सोमवार और मंगलवार को यह डायवर्जन प्रभावी रहेगा। विशेष परिस्थितियों में बुधवार को भी इसे लागू किया जा सकता है। कांवड़ियों की संख्या अधिक होने पर डायवर्जन की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।

शहर में गैपुरा, समोगरा बाईपास करनपुर, यादव चौराहा (रामटेक), भटौली पुल और चील्ह पिकेट से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन जैसे एंबुलेंस, स्कूल बस, डेयरी, पेट्रोलियम, फायर सर्विस, पुलिस तथा फल-सब्जी एवं अन्य जरूरी सामान लेकर आने वाले वाहनों को आवश्यकता के अनुसार प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

राबर्ट्सगंज तिराहे से मड़िहान मार्ग पर कांवड़ यात्रियों की अधिक भीड़ को देखते हुए दोपहिया वाहनों को छोड़कर हल्के चार पहिया एवं तीन पहिया वाहनों को बरौधा चौकी, भरुहना, आमघाट क्रॉसिंग, अघवार, चुनार और नारायणपुर होकर भेजा जाएगा।

इसी प्रकार राजगढ़, घोरावल, हिन्दवारी मोड़, रीवां, सोनभद्र, चुनार, लालगंज, बरकछा, समोगरा बाईपास, कलवारी और संतनगर सहित विभिन्न मार्गों से आने वाले भारी वाहनों को आवश्यकतानुसार चुनार, नारायणपुर, टेंगरा मोड़, वाराणसी, लालगंज एवं प्रयागराज की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

शास्त्री ब्रिज से भी शहर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गोपीगंज और औराई मार्ग से आने वाले भारी वाहनों को भी शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा तथा उन्हें वाराणसी या प्रयागराज की ओर मोड़ दिया जाएगा।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि प्रमुख तिथियों पर इन मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचें तथा पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन व्यवस्था का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें