मीरजापुर में यातायात माह का समापन: उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित

मीरजापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार कक्ष में आयोजित समारोह में यातायात माह नवम्बर-2025 का औपचारिक समापन किया। कार्यक्रम के दौरान यातायात जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारी/कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

ज्ञात हो कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवम्बर माह को यातायात माह के रूप में मनाया गया। पूरे महीने जनजागरूकता कार्यक्रम, नाटक, नुक्कड़ नाट्य मंचन और स्कूलों में विशेष क्लासों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति सजग किया गया।

समापन समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का स्वागत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ऑपरेशन तथा क्षेत्राधिकारीगण ने बुके देकर किया। इस अवसर पर एसएसपी ने उपस्थित बच्चों, शिक्षकों और पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि “यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और नैतिकता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सड़क सुरक्षा अपनाकर हम अपने जीवन को सुरक्षित बना सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि यातायात माह के दौरान चलाए गए अभियान के सकारात्मक परिणाम समाज में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे, साथ ही जानबूझकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सबसे अधिक चालान करने वाले थाने

1. थाना अदलहाट – प्रथम

2. थाना अहरौरा – द्वितीय

3. थाना जिगना – तृतीय

सबसे अधिक कार्रवाई करने वाले यातायात पुलिसकर्मी
– उ0नि0 यातायात यशोधन त्रिपाठी
– मु0आ0टीपी शशिकान्त यादव
– मु0आ0टीपी लक्ष्मण राय
– मु0आ0टी0पी0 आदित्य कुमार सिंह
– मु0आ0टी0पी0 रामप्रवेश सिंह

सर्किल/थाना स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी
– उ0नि0 अजय कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी नारायणपुर अदलहाट
– उ0नि0 संजय कुमार सिंह, थानाध्यक्ष जिगना
– निरीक्षक सदानंद सिंह, प्रभारी निरीक्षक अहरौरा
– उ0नि0 ब्रह्मदीन पाण्डेय, थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज
– उ0नि0 दयाशंकर ओझा, थानाध्यक्ष राजगढ़

कार्यक्रम के बाद एसएसपी सोमेन बर्मा ने पुलिस लाइन परिसर स्थित प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों के कक्षों का निरीक्षण कर रिक्रूट आरक्षियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण को उच्च स्तर पर बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

समापन समारोह में विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं व शिक्षकगण उपस्थित रहे।