
मीरजापुर – सुरक्षा व्यवस्था का एसएसपी ने लिया जायजा
मां विंध्यवासिनी धाम व मेला क्षेत्र में सघन चेकिंग
मीरजापुर, 05 दिसम्बर 2025। जनपद में शान्ति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने शुक्रवार को मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल, एंटी सेबोटाज टीम और डॉग स्क्वाड के साथ मिलकर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
एसएसपी ने ड्रोन कैमरे के माध्यम से मां विंध्यवासिनी धाम परिसर, गंगा घाटों, रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, मेला क्षेत्र में स्थित पार्किंग स्थलों, अष्टभुजा, कालीखोह और रोपवे क्षेत्र की गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल को निर्देशित किया गया कि धाम परिसर के आसपास के दुकानदारों को अपना मोबाइल नंबर उपलब्ध कराएं तथा दुकानदारों को भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की सूचना तत्काल थाने को देने के लिए जागरूक करें।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल, एंटी सेबोटाज टीम, डॉग स्क्वाड, पुलिस एवं पीएसी बल के जवान मौके पर मौजूद रहे।















