पीडब्ल्यूडी में अधीक्षण अभियंता के आईडी पासवर्ड हुआ हैक

पत्रकारों के सवाल पर अधीक्षण अभियंता ने कहा— आईडी-पासवर्ड हैक होने की आशंका, प्रहरी पोर्टल पर टेंडर प्रक्रिया पर उठे सवाल

मिर्जापुर। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मिर्जापुर वृत्त के अधीक्षण अभियंता (वित्त) डी.के. सिंह ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि उनका आईडी और पासवर्ड हैक किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि उनके लॉगिन से हुई गतिविधियों को लेकर प्रश्न उठे हैं, जिसकी जांच कराए जाने की मांग की गई है।

मामला तब चर्चा में आया जब मेसर्स शुभ कंस्ट्रक्शन की संचालक संजू सिंह ने प्रहरी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि सिंधोरा घाट से पहाड़ी मार्ग के नवीनीकरण कार्य की निविदा में फर्जी टर्नओवर एवं अनुभव प्रमाण पत्र लगाए गए हैं। शिकायत में यह भी कहा गया कि संबंधित दस्तावेज अधीक्षण अभियंता के लॉगिन से अनुमोदित हुए।

इसी प्रकार लालगंज से हरदी मिश्र बाया गढ़वा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य की निविदा में भी फर्जी दस्तावेज लगाए जाने के आरोप लगाए गए हैं।

पत्रकारों से बातचीत में अधीक्षण अभियंता डी.के. सिंह ने कहा कि उनके आईडी और पासवर्ड के दुरुपयोग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

मामले के सामने आने के बाद विभागीय और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है, तो यह सरकारी ई-टेंडरिंग व्यवस्था की सुरक्षा और पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़े कर सकता है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें