
लेखपाल मुख्य परीक्षा 21 मई को, डीएम ने दिए नकलविहीन और शांतिपूर्ण आयोजन के निर्देश
मिर्जापुर। आगामी लेखपाल मुख्य परीक्षा-2026 को सुचितापूर्ण, शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला विद्यालय निरीक्षक माया राम ने बताया कि लेखपाल मुख्य परीक्षा 21 मई को एक पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले, अर्थात सुबह 9:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 15 केंद्र बनाए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा से संबंधित बुकलेट का गहन अध्ययन कर उसमें दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने पुलिस विभाग को भी पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए तथा यातायात निरीक्षक को परीक्षा के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अजय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह, सभी उपजिलाधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों के प्रभारी और प्राचार्य उपस्थित रहे।















