
यूपी पंचायत चुनाव टले, मौजूदा प्रधान ही बने प्रशासक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पंचायत चुनावों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त होने जा रहा है, लेकिन समय पर पंचायत चुनाव न होने के कारण सरकार ने अंतरिम व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
प्रदेश सरकार ने मौजूदा ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक बनाए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। अब पंचायत चुनाव संपन्न होने तक वर्तमान प्रधान प्रशासक के रूप में कार्य करते रहेंगे। बताया जा रहा है कि यह व्यवस्था फिलहाल छह माह तक प्रभावी रह सकती है।
जानकारी के अनुसार जिला पंचायती राज अधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव जिलाधिकारी तक भेजे जाएंगे। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 57 हजार 694 ग्राम प्रधानों को बड़ी राहत मिली है।
प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में प्रधानों को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। शासन स्तर पर इसे पंचायतों में प्रशासनिक और विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है।













