मीरजापुर में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत 12 घंटे में 73 वांछित और वारंटी गिरफ्तार

मीरजापुर में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत 12 घंटे में 73 वांछित और वारंटी गिरफ्तार

मीरजापुर, 21 जून। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में चलाए गए 12 घंटे के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत मीरजापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 73 वांछित, वारंटी एवं अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश कुमार सिंह ने किया।

अभियान का उद्देश्य अपराध की रोकथाम तथा वांछित, वारंटी, पुरस्कार घोषित एवं अन्य अपराधियों की धरपकड़ था। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान 48 वारंटी, 5 वांछित तथा 20 अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

थानावार कार्रवाई में कोतवाली कटरा से सर्वाधिक 10, विन्ध्याचल से 10, जिगना से 9, कछवां से 9 तथा कोतवाली देहात से 8 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जनपद में आगे भी इसी प्रकार विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें