गोतस्करी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन बरामद

मिर्जापुर। लालगंज थाना पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े एक मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर जनपद निवासी अजय बाबा उर्फ अजय कुमार चौबे तथा राजेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों और गो-तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना लालगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 229/2026 की विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं। गिरोह के लोग गोवंशों को वाहनों में लादकर बिहार सहित अन्य राज्यों तक पहुंचाते हैं। आरोपियों के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन से आगे चलकर वे पुलिस चेकिंग और बैरियर की निगरानी करते थे तथा गोवंशों से लदे वाहनों को सुरक्षित रास्ता दिलाने में मदद करते थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन संख्या यूपी 35 एक्यू 8228 तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार चौबे के विरुद्ध रायबरेली, चंदौली, भदोही, वाराणसी और कौशाम्बी सहित विभिन्न जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में थाना लालगंज पुलिस टीम ने की।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें