
यू-पीटीईटी परीक्षा को नकलविहीन कराने की तैयारी तेज, 18 केंद्रों पर 7,392 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
मीरजापुर। आगामी 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों, प्राचार्यों तथा सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें तथा प्रत्येक परीक्षार्थी का चेहरा कैमरे की निगरानी में रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाए तथा उनके मोबाइल व बैग सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम में रखवाए जाएं।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि जो परीक्षार्थी एक दिन पहले जनपद पहुंचेंगे, उनके रात्रि विश्राम के लिए निकटवर्ती विद्यालयों या अन्य सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें बस अड्डों या रेलवे स्टेशन पर रुकना न पड़े। साथ ही ऐसे स्थानों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाए।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित ने बताया कि जनपद में कुल 7,392 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 18 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एक डिग्री कॉलेज, चार राजकीय विद्यालय तथा 13 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि 2 और 3 जुलाई को दोनों पालियों में तथा 4 जुलाई को केवल प्रथम पाली में परीक्षा आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को प्रथम पाली के लिए सुबह 8:45 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:45 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी गुलाब चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी लालगंज अजीत कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित सहित संबंधित अधिकारी एवं सभी परीक्षा केंद्रों के प्राचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।














