
थाना समाधान दिवस में आयुक्त और डीआईजी ने सुनीं जन समस्याएं, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
मिर्जापुर। थाना समाधान दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम ने शनिवार को कोतवाली देहात थाने में फरियादियों की जनसमस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान का भरोसा दिलाते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त और डीआईजी ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
भूमि विवाद, चकरोड, अवैध कब्जा तथा अन्य राजस्व संबंधी मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित थाना प्रभारी को क्षेत्र के असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।















