मिर्जापुर: क्रेन की टक्कर से बाबा रुद्रेश्वर महादेव मंदिर क्षतिग्रस्त

मिर्जापुर: क्रेन की टक्कर से बाबा रुद्रेश्वर महादेव मंदिर क्षतिग्रस्त, जांच की उठी मांग

मिर्जापुर के विंध्याचल स्थित अटल चौराहा पर बाबा रुद्रेश्वर महादेव मंदिर को एक क्रेन की टक्कर से क्षति पहुंचने का मामला सामने आया है। घटना के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय मंदिर के अंदर श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे थे। गनीमत रही कि सभी लोग बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। मंदिर में स्थापित भगवान की मूर्तियां सुरक्षित बताई जा रही हैं, हालांकि मंदिर के ढांचे को नुकसान पहुंचा है।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए और इस तरह की लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

उपरोक्त प्रकरण पर मिर्जापुर पुलिस ने बताया कि आज दिनांक 27.06.2026 को समय करीब 12.30 बजे थाना विन्ध्याचल क्षेत्रांतर्गत अमरावती चौराहा से विन्ध्याचल मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर पर एक क्रेन को बैक करते समय चालक सुचित सिंह पुत्र गुलाब सिंह निवासी देवरी दुबार कलां थाना लालगंज जनपद मीरजापुर द्वारा मंदिर की दीवार में टक्कर मार दी गयी । जिससे मंदिर की दीवार को आंशिक रूप से क्षति पहुँची है, किन्तु मंदिर में स्थापित सभी मूर्तियां पूर्णतः सुरक्षित है तथा किसी प्रकार की कोई जनहानि नही है । सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर मय थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा मौके पर पहुँचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया गया ।

थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा क्रैन व क्रैन के चालक उपरोक्त को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है । स्थानीय लोगो से पुलिस लगातार संवाद बनाये हुए है। मौके पर कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है ।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें