
मासूम की मौत के बाद अष्टभुजा टोल प्लाजा पर चक्का जाम, परिजनों में आक्रोश
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्थित अष्टभुजा टोल प्लाजा के पास शनिवार को सड़क हादसे में 8 वर्षीय मासूम की टैंकर से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
घटना से नाराज परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ टोल प्लाजा के समीप सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। चक्का जाम की सूचना मिलते ही विंध्याचल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जाम खुलवाने और यातायात सामान्य कराने में जुटी हुई थी। हादसे के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।















