
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया, बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की
मीरजापुर, 28 जून। जनपद में रविवार को सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसण्डी से किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा ने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून को बूथ दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 29 जून से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे और प्रत्येक बच्चा इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रहे। साथ ही जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, धर्मगुरुओं, मीडिया एवं विकास सहयोगी संस्थाओं से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ओझा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश प्रसाद, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी जिलेदार, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि डॉ. नेहा, तुलसीदास (जेएसआई), अजय श्रीवास्तव, इन्द्रजीत शुक्ल, अभय दूबे सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसण्डी के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












