24 घंटे में स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार

24 घंटे में स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार

मीरजापुर, 30 जून। कछवां थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट की वारदात का मीरजापुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा एक देशी तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 28 जून की रात कछवां बाजार निवासी स्वर्ण व्यवसायी अजय केशरी जलालपुर स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सबेसर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के संबंध में कछवां थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर थाना कछवां पुलिस तथा एसओजी/सर्विलांस टीम ने दामोदरपुर बस्ती और धनैता मार्ग के पास से गणेश प्रताप सिंह निवासी बगहा थाना चुनार, अमन दुबे निवासी ककरा पार थाना जहांगीरगंज जनपद अंबेडकरनगर तथा कपिल यादव निवासी मझवां थाना कछवां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच जोड़ी पायल, दो टॉप्स, एक लॉकेट, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल तथा अमन दुबे के पास से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

पूछताछ में अमन दुबे ने बताया कि उसकी मुलाकात अंबेडकरनगर जेल में गणेश प्रताप सिंह से हुई थी। जेल से छूटने के बाद तीनों ने मिलकर क्षेत्र में लूट की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बनाई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गणेश प्रताप सिंह और अमन दुबे के खिलाफ विभिन्न जनपदों में हत्या, लूट, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें