जिगना पुलिस ने एक लाख रुपये की हेरोइन के साथ युवक को गिरफ्तार किया

मिर्जापुर। जिगना थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक युवक को करीब एक लाख रुपये कीमत की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है, जबकि उसकी मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक रामबचन यादव और उपनिरीक्षक जयजय राम पुलिस टीम के साथ 30 जून की रात क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पाली अंडरब्रिज रेलवे के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार मंगला कुमार (20), निवासी भरारी द्वितीय, पुरा वरियार, थाना माण्डा, जनपद प्रयागराज को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में आरोपी के पास से 5 ग्राम अवैध हेरोइन (अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये), दो मोबाइल फोन तथा 1,100 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने मौके से बरामद मोटरसाइकिल (UP70GH1139) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
इस मामले में जिगना थाने पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें