
विशेष लोक अदालत 21 से 23 अगस्त तक, समझौते के आधार पर होंगे लंबित मामलों का निस्तारण
मीरजापुर, 2 जुलाई। आमजन को सरल, सुलभ और सौहार्दपूर्ण तरीके से न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाधान समारोह-2026 के अंतर्गत 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशन में पूरे देश में संचालित किया जा रहा है।
सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर आनंद कुमार ने बताया कि जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार के निर्देशन में आयोजित होने वाली इस विशेष लोक अदालत में न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का निस्तारण कराया जाएगा, जिनमें आपसी समझौते की संभावना है। पक्षकारों की सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समाधान समारोह-2026 का उद्देश्य केवल लंबित वादों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि पक्षकारों के बीच आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता और सरल न्याय उपलब्ध कराना भी है। विशेष लोक अदालत के माध्यम से लोगों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।

उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत में आवेदन करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरना अनिवार्य होगा।















