
वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र सिंह का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
मीरजापुर। वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र सिंह का मुंबई में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि उनका पार्थिव शरीर आज दोपहर लगभग 1 बजे तक उनके पैतृक गांव देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के खुटहा पहुंच जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
धीरेंद्र सिंह ने पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक सक्रिय रहकर अपनी अलग पहचान बनाई थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने निष्पक्ष, संवेदनशील और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया तथा पत्रकारिता जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बताया जाता है कि वह पिछले लगभग एक वर्ष से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका उपचार चल रहा था। बीमारी के कठिन दौर के बावजूद उन्होंने अपने पारिवारिक दायित्वों को प्राथमिकता देते हुए अपनी पुत्री का विवाह पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न कराया था। उनकी इस जिजीविषा और पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण को लोग आज भी याद कर रहे हैं।
उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। जर्नलिस्ट वेलफेयर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में धीरेंद्र सिंह का महत्वपूर्ण स्थान था। उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने भी धीरेंद्र सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को सदैव याद रखने की बात कही है।















