नाबालिग को भगाकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग को भगाकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार, मीरजापुर पुलिस ने 19 लोगों का किया शांति भंग में चालान

मीरजापुर। जनपद में महिला अपराधों और कानून-व्यवस्था के मामलों में मीरजापुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना अदलहाट पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने एवं दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 19 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार थाना अदलहाट क्षेत्र के एक निवासी ने 18 जून 2026 को अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में नामजद तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना अदलहाट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मीरजापुर की पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

निर्देशों के अनुपालन में अपराध निरीक्षक रामप्रीत यादव एवं उनकी टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी भरत राम पुत्र मिश्रीलाल निवासी ग्राम लिक्षरी, थाना अदलहाट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

वहीं जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत 19 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें कोतवाली शहर क्षेत्र से 3, कछवां से 3, लालगंज से 4, चुनार से 7, अहरौरा से 1 तथा मड़िहान थाना क्षेत्र से 1 व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें