
पति पर दूसरी शादी के संदेह में महिला ने तीन बच्चों समेत खाया जहर, मां-बेटी की मौत
मीरजापुर, 14 जुलाई। मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में पारिवारिक विवाद के बीच एक महिला ने अपने तीन बच्चों को जहर खिलाने के बाद स्वयं भी जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में महिला और उसकी एक बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो बच्चों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को पीएचसी मड़िहान से सूचना मिली कि परसौना गांव निवासी कुसुम (38) पत्नी धर्मेंद्र धरिकार तथा उनके तीन बच्चे मधु (12), राधिका (10) और सत्या (8) जहर खाने के कारण बीमार अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं। सूचना मिलते ही मड़िहान पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान कुसुम और उनकी बेटी राधिका की मौत हो गई, जबकि मधु और सत्या का उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुसुम का पति धर्मेंद्र धरिकार दिल्ली के शिकोहाबाद क्षेत्र में रहता है और घटना से चार दिन पहले घर आया था। कुसुम को संदेह था कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है और इसी कारण वह उसकी देखभाल नहीं करता था। इस विवाद को लेकर 12 जुलाई को कुसुम के मायके शीतलगढ़, थाना संतनगर में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था। समझौते के तहत तय हुआ था कि धर्मेंद्र अगले दिन कुसुम को अपने साथ घर ले जाएगा।
बताया गया कि समझौते के बाद धर्मेंद्र घर आया लेकिन बाद में चला गया और कुसुम को अपने साथ नहीं ले गया। इससे आहत होकर कुसुम अपने ससुराल परसौना पहुंची और कथित रूप से तीनों बच्चों को जहर खिलाने के बाद स्वयं भी जहर खा लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, हालांकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।















