मिर्जापुर में 6 लाख रुपये की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, सप्लाई में प्रयुक्त बाइक भी बरामद

6 लाख रुपये की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, सप्लाई में प्रयुक्त बाइक भी बरामद
मीरजापुर, 15 जुलाई। कोतवाली कटरा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 31.52 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर कोतवाली कटरा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नागरपुर, थाना चुनार निवासी 25 वर्षीय अभिषेक सोनकर उर्फ मोनू सोनकर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 31.52 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एक अज्ञात व्यक्ति से हेरोइन प्राप्त करता था और उसे मोटरसाइकिल के जरिए मीरजापुर तथा आसपास के क्षेत्रों में छोटे विक्रेताओं तक पहुंचाता था। इसके अलावा वह खुद भी हेरोइन की फुटकर बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाता था।
गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में कोतवाली कटरा में मुकदमा संख्या 224/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 में जिगना थाने में मारपीट और तोड़फोड़ से संबंधित मामला तथा वर्ष 2023 और 2024 में चुनार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे शामिल हैं।
कार्रवाई उपनिरीक्षक राकेश सिंह के नेतृत्व में कोतवाली कटरा पुलिस टीम द्वारा की गई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें