मीरजापुर: 15 अगस्त तक सड़क और भवन निर्माण कार्य पूरे करने का आदेश

सीएमआईएस पोर्टल पर लंबित परियोजनाओं की समीक्षा, 15 अगस्त तक 80% से अधिक पूर्ण कार्यों को पूरा करने के निर्देश

मीरजापुर, 31 जुलाई 2026। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज लंबित विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश परियोजनाओं में धन की कोई कमी नहीं है, बल्कि कमी इच्छा शक्ति और प्रभावी निगरानी की है।

बैठक में पूर्वांचल विकास निधि, त्वरित विकास निधि, जिलांश एवं राज्यांश योजनाओं के तहत वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की लंबित एवं अनारंभ परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि 80 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को हर हाल में 15 अगस्त 2026 तक पूरा कर संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने कहा कि जिन नई परियोजनाओं की प्रगति अभी 10 से 20 प्रतिशत है, उनमें तेजी लाकर 15 अगस्त तक कम से कम 50 प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने वर्ष 2026-27 में स्वीकृत पूर्वांचल एवं त्वरित विकास निधि की परियोजनाओं का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य प्रारंभ होने पर संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं विधायक को आमंत्रित कर भूमि पूजन एवं शिलान्यास कराया जाए। इसमें लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा के दौरान संपर्क मार्गों, सीसी रोड और इंटरलॉकिंग निर्माण के बाद फुटपाथ न बनाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसे सभी कार्यों की सूची उपलब्ध कराने और उनकी जांच कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन विभागों के निर्माण कार्य चल रहे हैं या विलंबित हैं, उनके अधिकारी प्रत्येक सप्ताह कार्यस्थल का निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति की रिपोर्ट फोटो सहित जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को उपलब्ध कराएं। साथ ही सभी परियोजनाओं की प्रगति सीएमआईएस पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, राजकीय निर्माण निगम, सी एंड डीएस, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, पैक्सफेड, सिडको, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं की परियोजनाओं की समीक्षा कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार एवं जनार्दन यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी बाबू लाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें