मिर्जापुर में हेरोइन तस्करी में तीन गिरफ्तार, 64 लाख की हेरोइन बरामद

हेरोइन तस्करी में तीन गिरफ्तार, 64 लाख की हेरोइन बरामद

मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्जनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 334 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को अहरौरा पुलिस को मुखबिर से तस्करों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम पुत्र अजीमुल्ला निवासी ग्राम राजगढ़, थाना राजगढ़, मीरजापुर, लक्की सोनकर पुत्र राजू सोनकर निवासी बभनौली, थाना राबर्टसगंज, सोनभद्र तथा इद्दू आमीन अहमद पुत्र स्वर्गीय जमील अहमद निवासी नई बस्ती, थाना राबर्टसगंज, सोनभद्र के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 334 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UP 63 AX 7371 भी बरामद की गई, जिसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में थाना अहरौरा में मु0अ0सं0 172/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सलीम के खिलाफ सोनभद्र के राबर्टसगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। लक्की सोनकर के खिलाफ वाराणसी और सोनभद्र के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के पांच मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं इद्दू आमीन अहमद के खिलाफ सोनभद्र के रायपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मुकदमा दर्ज है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह समेत थाना अहरौरा की पुलिस टीम शामिल रही।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें