
बारावफात और रक्षाबंधन को लेकर मिर्जापुर में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में पुलिस का फ्लैग मार्च
104 जुलूसों के मद्देनजर जिले को 5 जोन और 19 सेक्टर में बांटा, ड्रोन-कैमरों से निगरानी; रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर भी बढ़ाई गई सुरक्षा
मिर्जापुर। बारावफात, रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मिर्जापुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने भारी पुलिस और पीएसी बल के साथ नगर के मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च संकटमोचन से शुरू होकर वासलीगंज, खजानची चौराहा, घंटाघर, पेहटी चौराहा, गुरहट्टी, मुकेरी बाजार और लालडिग्गी होते हुए इमामबाड़ा पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों, बाजारों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल भ्रमण किया। स्थानीय संभ्रांत लोगों, धर्मगुरुओं और दुकानदारों से संवाद कर शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
104 जुलूसों को लेकर सुरक्षा का खाका तैयार
पुलिस के अनुसार बारावफात के अवसर पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 104 जुलूस निकलते हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरे जनपद को 5 जोन और 19 सेक्टर में विभाजित किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और क्यूआरटी की तैनाती की गई है।
पुलिस ड्रोन, सीसीटीवी और सर्विलांस के जरिए भी निगरानी करेगी। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की नजर रहेगी, ताकि किसी तरह की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। सभी थाना क्षेत्रों और जनपद स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें भी की जा चुकी हैं।
रक्षाबंधन पर महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं के आवागमन को देखते हुए पुलिस ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के साथ एंटी रोमियो टीम और मिशन शक्ति टीम को सक्रिय किया गया है। भीड़भाड़ वाले बाजारों के साथ रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को त्योहारों के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कटरा, थानाध्यक्ष कोतवाली शहर, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना समेत बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।















