
मिर्जापुर में 40.545 किलो गांजा बरामद, चोरी की बोलेरो से तस्करी करते दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मिर्जापुर में जिगना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40.545 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त चोरी की बोलेरो और एक अन्य नंबर प्लेट भी बरामद की है। बरामद गांजे और वाहन की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आगामी बारावफात, रक्षाबंधन समेत अन्य त्योहारों के मद्देनजर 26 अगस्त की रात प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर गोसीपुर नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर से प्रयागराज की ओर जा रही बोलेरो संख्या CG15B8393 को संदिग्ध प्रतीत होने पर रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बोलेरो की छत में बनाए गए विशेष बॉक्स में छिपाकर रखे गए 20 बंडलों से कुल 40.545 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वाहन की सीट से OD05AA0327 नंबर की पीले रंग की एक अन्य नंबर प्लेट भी मिली।

पुलिस ने बोलेरो सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अंजनी लाल श्रीवास्तव (32) निवासी शेरपुर, थाना औद्योगिक क्षेत्र, जनपद बक्सर, बिहार और रविन्द्र पाण्डेय (47) निवासी गुरुदास मठिया, थाना मुफस्सिल, जनपद बक्सर, बिहार के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि बोलेरो पर अंकित नंबर और उसके चेचिस व इंजन नंबर आपस में मेल नहीं खा रहे थे। जांच करने पर वाहन का वास्तविक नंबर UP44AM3221 पाया गया। पुलिस के मुताबिक, यह बोलेरो अप्रैल 2025 में अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी, जिसके संबंध में मुकदमा भी दर्ज है।
छत्तीसगढ़ से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चोरी की बोलेरो में गांजा छिपाकर छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर से प्रयागराज के मांडा ले जा रहे थे। उन्हें वाहन मालिक ने बताया था कि प्रयागराज में एक व्यक्ति मिलेगा, जिसे उसके बताए अनुसार गांजा और वाहन सौंपना था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
इस मामले में थाना जिगना में मु0अ0सं0-215/2026, धारा 319(2), 318(4), 317(2) बीएनएस और धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा जा रहा है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष जिगना उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ तथा प्रभारी एसओजी/सर्विलांस निरीक्षक राजीव कुमार सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे।















