मिर्जापुर में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने बगही गांव का किया निरीक्षण

संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने बगही गांव और संपर्क मार्ग का किया निरीक्षण

मीरजापुर। संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सोमवार को चुनार तहसील के बगही गांव और संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ आने का इंतजार न किया जाए, बल्कि सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी रखी जाएं।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी चुनार ने बताया कि तहसील क्षेत्र में 13 बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने इन चौकियों पर तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट करने और वहां उपलब्ध संसाधनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए।

डीएम ने राहत शिविरों में प्रभावित लोगों के लिए भोजन की पर्याप्त व्यवस्था, खाना बनाने वाले कर्मियों की उपलब्धता तथा पशुओं के लिए पर्याप्त चारे का इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ की स्थिति में पशुधन की सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

राहत और बचाव कार्यों के लिए प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ पर्याप्त संख्या में टार्च, छाता और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नावों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

ग्रामीणों से ली बाढ़ की जानकारी

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर पूर्व में आई बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि बाढ़ के दौरान किन-किन गांवों और क्षेत्रों पर प्रभाव पड़ता है। डीएम ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और ग्रामीणों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से संबंधित किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए और तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य संभावित बाढ़ की स्थिति में जन-धन की क्षति को न्यूनतम करना और प्रभावित लोगों तक समय से राहत पहुंचाना है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियों की नियमित समीक्षा कर कमियों को तत्काल दूर करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, तहसीलदार चुनार, ग्राम प्रधान बगही रेशू पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें