आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ा, मिर्जापुर में 139 नव नियुक्त कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ा, मिर्जापुर में 139 नव नियुक्त कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र

मीरजापुर, 8 सितंबर 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या से प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की। इसके साथ ही उन्हें प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा देने की घोषणा की गई।

अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मिर्जापुर के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बीएचयू बरकछा के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, अपना दल एस के जिलाध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में 139 नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं 52 उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 45 ऐसे बच्चों के अभिभावकों को पुरस्कृत किया गया, जो सैम/मैम श्रेणी से निकलकर सामान्य श्रेणी में आए हैं। यूपी बोर्ड में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा को भी सम्मानित किया गया तथा गर्भवती माताओं को पोषण पोटली वितरित की गई।

नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की लंबे समय से चली आ रही मानदेय बढ़ाने की मांग को स्वीकार करते हुए कार्यकत्रियों का मानदेय 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का 6 हजार रुपये प्रतिमाह कर सम्मान दिया है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कर्मियों को साड़ी के लिए खाते में धनराशि तथा 5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा भी दी गई है।

राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की तुलना माता यशोदा से करते हुए कहा कि वे गांव-गांव जाकर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश जायसवाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें