
मीरजापुर में 1200 शीशी अवैध शराब बरामद, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर। अदलहाट थाना क्षेत्र में पुलिस, एसओजी/सर्विलांस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो चार पहिया वाहनों से बिहार ले जाई जा रही 1200 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब और दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से तीन अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने अदलहाट क्षेत्र में नहर पुलिया से मुख्य हाईवे, ग्राम प्रतापपुर के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। स्विफ्ट डिजायर (BR01HN3308) से 480 शीशी और टोयोटा इटिओस (BR01BA9722) से 720 शीशी शराब बरामद हुई। सभी शीशियां 180 एमएल की हैं और उन पर “ऑफ्टर डार्क ब्लू डिलक्स ग्रेन व्हिस्की—फॉर सेल इन मध्य प्रदेश ओनली” अंकित है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितीश कुमार (28), आशीष रंजन (28), दोनों निवासी पटना, बिहार और निरंजन कुमार (25), निवासी नालंदा, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब मध्य प्रदेश के रीवा से दोनों कारों की डिग्गी में छिपाकर लाई जा रही थी और इसे पटना में ऊंचे दाम पर बेचने की योजना थी।
तलाशी में आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और 850 रुपये नकद भी बरामद हुए। मामले में अदलहाट थाने में मु0अ0सं0 210/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में थाना अदलहाट, एसओजी/सर्विलांस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने की।















