मीरजापुर में नाबालिग से जुड़े मामलों में तीन गिरफ्तार, एक बाल अपचारी हिरासत में

मीरजापुर में नाबालिग से जुड़े मामलों में तीन गिरफ्तार, एक बाल अपचारी हिरासत में

मीरजापुर, 22 सितंबर। जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने नाबालिग से जुड़े अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।

पड़री पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ा: थाना पड़री में 20 सितंबर को एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के यौन उत्पीड़न के संबंध में नामजद तहरीर दी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को उप निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर नामजद आरोपी अमृतलाल बिन्द उर्फ गोरख बिन्द, निवासी कोटवां, थाना पड़री को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय/जेल भेज दिया।

अहरौरा में नाबालिग को भगाने का आरोपी गिरफ्तार: थाना अहरौरा में 16 जुलाई को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने 22 सितंबर को उप निरीक्षक रामआशीष बिन्द की टीम के साथ कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी रंजीत कुमार, निवासी बंजारी कलां, थाना हलिया को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय/जेल भेज दिया गया।

अदलहाट में बाल अपचारी हिरासत में: थाना अदलहाट में 7 सितंबर को नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के संबंध में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान मामले में दुष्कर्म सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गईं। 22 सितंबर को उप निरीक्षक रणजीत सिंह की टीम ने नामजद बाल अपचारी को हिरासत में लिया। नियमानुसार कार्रवाई के बाद उसे बाल सुधार गृह भेजा गया।

एक वारंटी भी गिरफ्तार: थाना कोतवाली देहात पुलिस ने अभियान के तहत वारंटी अजीत कुमार बिन्द उर्फ खरपत्तू, निवासी परमानपट्टी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

इसके अलावा जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 27 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें कोतवाली शहर से 1, कोतवाली कटरा से 2, विंध्याचल से 6, चिल्ह से 5, कोतवाली देहात से 2, चुनार से 1, अदलहाट से 3, अहरौरा से 4 और राजगढ़ से 3 व्यक्ति शामिल हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें