
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित, 23 अक्टूबर को मतदान
मीरजापुर, 22 सितंबर। वाराणसी खंड स्नातक एवं वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नाम निर्देशन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नाम निर्देशनों की संवीक्षा 7 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया को 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा करा लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता के संबंधित प्रावधान भी प्रभावी हो गए हैं। ये प्रावधान भारत निर्वाचन आयोग के 26 दिसंबर 2016 के पत्र में दिए गए निर्देशों के अनुसार लागू होंगे।













