
त्योहारों को लेकर मिर्जापुर में पुलिस अलर्ट, डीआईजी पूनम ने प्रमुख बाजारों में किया पैदल गश्त
मीरजापुर। धनतेरस एवं दीपावली पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर पूनम ने जनपद के प्रमुख बाजारों, सर्राफा बाजारों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान डीआईजी ने दुकानदारों, व्यापारियों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने लोगों से त्योहारों को हर्षोल्लास एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
पैदल गश्त के दौरान डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। प्रमुख बाजारों और सर्राफा प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने, सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी करने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















