अनावश्यक चेन पुलिंग पर रेलवे की सख्ती, मीरजापुर में 172 लोग गिरफ्तार

अनावश्यक चेन पुलिंग पर रेलवे की सख्ती, प्रयागराज मंडल में 3207 लोग गिरफ्तार

मीरजापुर में 172 लोगों पर हुई कार्रवाई, ट्रेनों के संचालन में बाधा डालने वालों पर रेलवे की नजर

प्रयागराज। ट्रेनों के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन में बाधा डालने वालों के खिलाफ प्रयागराज मंडल ने सख्त रुख अपनाया है। अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 1 जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 तक कुल 3207 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रेलवे अधिनियम के तहत सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेनों में अलार्म चेन की सुविधा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल आपातकालीन परिस्थितियों के लिए उपलब्ध कराई गई है। लेकिन कई लोग बिना उचित कारण इसका इस्तेमाल करते हैं, जिससे ट्रेनें अनावश्यक रूप से रुक जाती हैं। इसका असर केवल संबंधित ट्रेन पर ही नहीं, बल्कि पीछे चलने वाली अन्य ट्रेनों के परिचालन पर भी पड़ता है। इससे यात्रियों को देरी और असुविधा का सामना करना पड़ता है।

मीरजापुर में 172 लोगों पर कार्रवाई

रेलवे सुरक्षा बल की पोस्टवार कार्रवाई में मीरजापुर में 172 लोगों को अनावश्यक चेन पुलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वहीं चुनार में 76 लोगों पर कार्रवाई हुई है। मंडल में सर्वाधिक 486 गिरफ्तारियां कानपुर सेंट्रल में दर्ज की गईं। इसके अलावा टूंडला में 302, अलीगढ़ में 243, इटावा में 240 और प्रयागराज जंक्शन में 233 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

महीनेवार कार्रवाई में जून में सबसे अधिक गिरफ्तारियां

जनवरी में 274, फरवरी में 244, मार्च में 341, अप्रैल में 318, मई में 386, जून में 397, जुलाई में 289, अगस्त में 279, सितंबर में 305 और अक्टूबर में 374 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

रेल प्रशासन का कहना है कि अनावश्यक चेन पुलिंग रोकने के लिए नियमित निगरानी और सघन जांच अभियान जारी है। यात्रियों को भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि रेल परिचालन सुचारु बना रहे।

प्रयागराज मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि अलार्म चेन का इस्तेमाल केवल वास्तविक आपातकालीन स्थिति में ही करें। बिना उचित कारण चेन पुलिंग करने से बचें और ट्रेनों के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन में सहयोग करें।

अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें