
# नटवा पुलिस सहायता बूथ के लोकार्पण से सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
**मीरजापुर।** थाना कोतवाली कटरा क्षेत्रांतर्गत बड़ी बसही में शुक्रवार को नव-निर्मित पुलिस सहायता बूथ का लोकार्पण पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर किया। इस पुलिस सहायता बूथ के शुरू होने से नटवा पुलिस चौकी को विंध्याचल से जोड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही यातायात प्रबंधन बेहतर होने के साथ विंध्याचल मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को और अधिक सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सकेगी।

इस अवसर पर मौजूद बड़े उद्योगपति विकास जैन ने लोकार्पण के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पुलिस सहायता बूथ की स्थापना स्थानीय लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का एहसास और मजबूत होगा। सभ्य समाज के लोग अब अधिक निश्चिंत होकर अपने सामाजिक एवं विकास संबंधी कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पुलिस व्यवस्था से चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं और आपराधिक मानसिकता रखने वाले लोगों पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में भय पैदा होगा और आम नागरिकों का विश्वास मजबूत होगा।
उन्होंने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना स्थानीय विकास और बेहतर सामाजिक वातावरण के लिए भी आवश्यक है।
लोकार्पण कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली कटरा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और आमजन उपस्थित रहे।















