निजी स्कूल की दूसरी मंजिल से छात्रा ने लगाई छलांग

निजी स्कूल की दूसरी मंजिल से छात्रा ने लगाई छलांग

दोनों पैर टूटे, ट्रॉमा सेंटर में चल रहा उपचार; पारिवारिक परिस्थितियों से तनाव में थी छात्रा

मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक निजी स्कूल में शनिवार को कक्षा 11 की छात्रा ने दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। हादसे में छात्रा के दोनों पैर टूट गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। विद्यालय प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया और बेहतर उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किया। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को मिर्जापुर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

बताया गया कि शनिवार को छात्रा स्कूल पहुंची थी और उस समय वह मानसिक रूप से परेशान नजर आ रही थी। उसने अपनी सहेलियों से परिवार में चल रही समस्याओं का भी जिक्र किया था। दोपहर में लंच के समय वह पानी लेने गई। इसके बाद कक्षा में लौटते समय अचानक सीढ़ियों से नीचे छलांग लगा दी। आसपास मौजूद छात्राओं ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे जा गिरी।

विद्यालय प्रशासन ने दिखाई तत्परता

हादसे के तत्काल बाद विद्यालय प्रशासन ने छात्रा की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बिना समय गंवाए उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। शिक्षकों और कर्मचारियों ने छात्रा को संभाला तथा उसके उपचार के लिए आवश्यक सहयोग दिया। छात्रा को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में विद्यालय प्रशासन की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता देखने को मिली।

पारिवारिक परिस्थितियों से तनाव की बात सामने आई

घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजनों ने मामले की जांच की मांग की। शहर कोतवाली पुलिस ने स्कूल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की और ट्रॉमा सेंटर जाकर छात्रा का बयान दर्ज किया। छात्रा ने पुलिस को बताया कि परिवार में काफी समस्याएं चल रही हैं। उसके पिता नशा मुक्ति केंद्र में हैं और घर में आर्थिक परेशानी भी है। इन्हीं परिस्थितियों के चलते वह तनाव में थी और उसने यह कदम उठाया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और छात्रा के बयान के आधार पर घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल छात्रा का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें