मिर्जापुर में मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश

# मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश

**हेलीपैड से मंदिर और जनसभा स्थल तक रूट व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर, विंध्य कॉरिडोर व गंगा घाटों की सफाई के भी निर्देश**

**मीरजापुर, 13 अक्टूबर।** जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने मंगलवार को अष्टभुजा गेस्ट हाउस सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 15 अक्टूबर को प्रस्तावित जनपद भ्रमण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हेलीपैड, मंदिर दर्शन, जनसभा स्थल, मंच, जर्मन हैंगर टेंट, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, साउंड, लाइट, पेयजल और सेफ हाउस सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सुरक्षा प्रबंधों, पुलिस बल की तैनाती, पार्किंग और यातायात व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी।

प्रभारी मंत्री नन्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री विंध्याचल मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण भी कर सकते हैं। इसे देखते हुए कॉरिडोर परिसर और उससे जुड़े चारों प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गंगा घाटों पर भी स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं।

उन्होंने जनसभा स्थल पर लोगों के बैठने, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा निर्धारित घेरे तक पहुंचने की व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

मंत्री ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के आगमन एवं प्रस्थान के समय हेलीपैड और मंच पर उपस्थित रहने वाले जनप्रतिनिधियों तथा पदाधिकारियों की सूची भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज द्वारा जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रवेश और सुरक्षा संबंधी प्रबंध समय से किए जा सकें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण से संबंधित तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय में तैयारियां पूरी करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री विद्याधर तिवारी, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, छानबे विधायक रिंकी कोल, विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें