
मीरजापुर में प्रदेश स्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ, 13 मंडलों के पहलवान दिखा रहे दमखम
मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने किया उद्घाटन, खिलाड़ियों को अनुशासन और डोपिंग से बचने की दी सीख
मीरजापुर, 13 अक्टूबर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर मीरजापुर के बरसखुरी पहाड़ी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय तथा क्षेत्रीय खेल कार्यालय, विंध्याचल मंडल के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 मंडलों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
उद्घाटन समारोह में मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल में अनुशासन के महत्व और डोपिंग के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और पहलवानों के बीच पहली कुश्ती का हाथ मिलाकर शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र, पगड़ी और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।
मीरजापुर के रतन यादव ने दर्ज की जीत
प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में 57 किलोग्राम भार वर्ग की पहली कुश्ती में मेरठ के आदेश शर्मा ने गोंडा के नितिन राय को 2-0 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में मीरजापुर के रतन यादव ने बस्ती के सत्यम को 5-0 से हराकर जीत दर्ज की।
63 किलोग्राम भार वर्ग में मुरादाबाद के सोनू ने प्रयागराज के पंकज यादव को 1-0 से हराया। वहीं वाराणसी के बलराम यादव ने गोंडा के नितेश यादव को 3-0 से पराजित किया। इसी भार वर्ग के एक अन्य मुकाबले में अयोध्या के विश्वजीत ने बस्ती के जोगिंद्र यादव को 5-2 से हराया।
प्रतियोगिता में वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती, प्रयागराज, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, अयोध्या, गोंडा, आगरा, अलीगढ़ और विंध्याचल मंडल की टीमें भाग ले रही हैं। शेष मुकाबले 14 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे से खेले जाएंगे।
खेल संघों के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में ओलंपिक संघ एवं वॉलीबॉल संघ के सचिव एसपी त्रिपाठी, मीरजापुर कुश्ती संघ के अध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह तथा मीरजापुर पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव कमलापति त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका राजकुमार मिश्रा (गाजियाबाद), रामआसरे यादव (वाराणसी), ओमप्रकाश यादव (गोरखपुर), उमेश कुमार यादव (कानपुर), दर्शन (प्रयागराज), ऋषि श्वेत सिंह (लखनऊ), संदीप कुमार गुप्ता (बरेली), जयवीर त्रिपाठी (देवरिया), सुभाष यादव (वाराणसी), सुरेंद्र यादव (वाराणसी) और अभिषेक उपाध्याय (अंबेडकर नगर) ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन आजमगढ़ के क्रीड़ाधिकारी जेपी यादव ने किया।














