मीरजापुर की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों का पुनर्गठन, 20 मतदेय स्थल घटे

मीरजापुर की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों का पुनर्गठन, 20 मतदेय स्थल घटे
मतदान केंद्रों की संख्या 1344 से घटकर 1340 हुई, जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति
मीरजापुर। जनपद की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन के बाद मतदान केंद्रों की संख्या में बदलाव किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। पुनर्गठन के बाद जिले में मतदेय स्थलों की संख्या 2258 से घटकर 2238 हो गई है, जबकि मतदान केंद्रों की संख्या 1344 से घटकर 1340 रह गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जनपद की पांच विधानसभा क्षेत्रों में 395-छानबे (अनुसूचित जनजाति), 396-मीरजापुर, 397-मझवां, 398-चुनार और 399-मड़िहान शामिल हैं। इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों की वर्तमान संख्या और पुनर्गठन के बाद प्रस्तावित संख्या का विवरण जारी किया गया है।
मीरजापुर विधानसभा क्षेत्र में आठ मतदेय स्थल घटे
जारी विवरण के अनुसार, छानबे विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थलों की संख्या 462 से बढ़कर 463 हो गई है, जबकि मतदान केंद्रों की संख्या 305 से बढ़कर 306 हो गई है। मीरजापुर विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थलों की संख्या 451 से घटकर 443 तथा मतदान केंद्रों की संख्या 197 से घटकर 194 हो गई है।
इसी तरह मझवां विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थलों की संख्या 474 से घटकर 464 हो गई है, जबकि मतदान केंद्रों की संख्या 262 पर यथावत है। चुनार विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थल 426 से घटकर 424 और मतदान केंद्र 277 से घटकर 276 हो गए हैं। मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थलों की संख्या 445 से घटकर 444 तथा मतदान केंद्रों की संख्या 303 से घटकर 302 हो गई है।
तहसील कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बताया कि आलेख्य प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों यानी तहसील कार्यालयों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय, मीरजापुर में आम नागरिकों के निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध है।
इसके अतिरिक्त, 19 अक्टूबर 2026 को जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों की आलेख्य प्रकाशित सूची उन्हें उपलब्ध करा दी गई है। निर्वाचन संबंधी इस प्रक्रिया के तहत नागरिक और राजनीतिक दल सूची का अवलोकन कर सकते हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें