मिर्जापुर में चोरी करने वाले गिरोह की आठ महिलाएं गिरफ्तार

शीतला धाम अदलपुरा में चोरी करने वाले गिरोह की आठ महिलाएं गिरफ्तार, चेन और पांच मोबाइल बरामद

दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं के आभूषण और सामान चुराने का आरोप, कई जिलों से जुड़ी हैं गिरफ्तार महिलाएं

मिर्जापुर। चुनार थाना क्षेत्र के शीतला धाम अदलपुरा मंदिर में दर्शन-पूजन करने आने वाले श्रद्धालुओं के आभूषण और मोबाइल चोरी करने के मामले में पुलिस ने आठ महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक चेन, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक की-पैड मोबाइल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाएं धार्मिक स्थलों और मेलों में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं।

पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया सट्टी निवासी विपिन मिश्रा ने चुनार थाने में तहरीर देकर बताया कि परिवार के साथ शीतला धाम अदलपुरा मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान उनकी मां के गले की चेन चोरी हो गई थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद अदलपुरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कुमार संतोष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आठ महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार महिलाओं में गीता देवी और पुनिता देवी मऊ जिले की, सरिता गाजीपुर की, सुशीला देवी, आरती और ज्योति मऊ जिले की, मिंगा देवी अंबेडकर नगर जिले की तथा प्रिया देवी उर्फ पिंका बिहार के मुजफ्फरपुर की निवासी बताई गई हैं।

धार्मिक स्थलों और मेलों में करती थीं चोरी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि वे घूम-घूमकर धार्मिक स्थलों, मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मंगलसूत्र, चेन सहित अन्य आभूषण चोरी करती थीं। चोरी के आभूषण बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेती थीं और इसी से अपना जीवनयापन करती थीं।

पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की। गिरफ्तार महिलाओं को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, गीता देवी और ज्योति के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम में अदलपुरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कुमार संतोष और थाना चुनार की पुलिस टीम शामिल रही।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें