
मीरजापुर में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, बिहार के पांच आरोपी गिरफ्तार
जिगना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई; डेढ़ लाख रुपये के आभूषण-बर्तन और चोरी में इस्तेमाल उपकरण बरामद
मीरजापुर, 21 अक्टूबर। मीरजापुर पुलिस ने जिगना क्षेत्र में घरों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिगना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के आभूषण व बर्तन, सात हजार रुपये नकद तथा चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं और रेकी कर खाली घरों को निशाना बनाते थे।
पुलिस के मुताबिक, जिगना थाना क्षेत्र के बहुतीमय चकचौरा निवासी रविशंकर पाठक ने 16 अक्टूबर को घर में घुसकर आभूषण चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 18 अक्टूबर को खैरा निवासी रामशंकर उपाध्याय ने घर से आभूषण और नकदी चोरी होने की तहरीर दी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र खुलासे और बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में जिगना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना तथा भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
बिहार के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सक्सेना खरवार (30), निवासी रोहतास; रोहित (30), बंसी पासवान (28) और आशीष खरवार (19), निवासी भभुआ; तथा अभीष खरवार (20), निवासी भोजपुर, बिहार के रूप में हुई है।
रेकी कर खाली घरों को बनाते थे निशाना
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, आरोपी पहले घरों की रेकी करते थे और फिर रात के अंधेरे में खाली घरों में घुसकर आभूषण, कीमती सामान और नकदी चोरी करते थे। चोरी के गहने बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
आभूषण, नकदी और चोरी के उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से पीतल के दो गिलास, पीली धातु की एक चेन और एक अंगूठी, सफेद धातु की एक पायल तथा सात हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा दो पेचकस, एक प्लास और लोहे काटने वाला कटर भी मिला है। पुलिस ने बरामद सामान का कुल अनुमानित मूल्य करीब डेढ़ लाख रुपये बताया है।
चार मुकदमों में कार्रवाई, एक आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध जिगना थाने में दो, लालगंज थाने में एक और सन्तनगर थाने में एक मुकदमा संबंधित धाराओं में दर्ज है। इनमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराएं शामिल हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी सक्सेना खरवार के विरुद्ध वर्ष 2023 में बलिया जिले के नरही, रसड़ा और नगरा थानों में चोरी सहित अन्य धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज होने का आपराधिक इतिहास सामने आया है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में जिगना थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ तथा एसओजी/सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।















