सड़क दुर्घटना में भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य रूद्रेश प्रताप सिंह का निधन, जिले में शोक की लहर

सड़क दुर्घटना में भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य रूद्रेश प्रताप सिंह का निधन, जिले में शोक की लहर

मीरजापुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यसमिति सदस्य एवं कोन विकास खंड निवासी रूद्रेश प्रताप सिंह का बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। वह वाराणसी जा रहे थे, तभी रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए। उन्हें तत्काल वाराणसी के हेरिटेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रूद्रेश प्रताप सिंह के निधन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और जिले के राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्हें पार्टी का कर्मठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ता बताते हुए उनके योगदान को याद किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज तत्काल वाराणसी के लिए रवाना हो गए। उन्होंने रूद्रेश प्रताप सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में ईश्वर उनके परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने दिवंगत आत्मा को प्रभु के श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

रूद्रेश प्रताप सिंह के असामयिक निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें