
पड़री में कॉस्मेटिक दुकान के ऊपर कमरे में छिपाकर रखा 96.870 किलो पटाखा बरामद, एक गिरफ्तार
दीपावली से पहले मीरजापुर पुलिस की कार्रवाई, अवैध भंडारण के आरोप में जान मोहम्मद गिरफ्तार
मीरजापुर। आगामी दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पड़री पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक कॉस्मेटिक दुकान के ऊपर बने कमरे में अवैध रूप से भंडारण किए गए 96 किलो 870 ग्राम बारूदयुक्त पटाखे बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार, 2 नवंबर को उपनिरीक्षक रामनगीना यादव को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पड़री थाना क्षेत्र के उमरिया निवासी जान मोहम्मद पुत्र मोहम्मद इद्रीश की कॉस्मेटिक दुकान के ऊपर बने कमरे में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां अवैध रूप से भंडारण किए गए कुल 96 किलो 870 ग्राम पटाखे बरामद हुए।
बरामद पटाखों में बुलेट बम, मिनी बम, हाइड्रो बम, चटाई, फुलझरी और रॉकेट सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे शामिल हैं।
पुलिस ने बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना पड़री में मु0अ0सं0-272/2026, धारा 9बी विस्फोटक अधिनियम-1884 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
13 व्यक्तियों का शांतिभंग में चालान
जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के क्रम में पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत कुल 13 व्यक्तियों का चालान किया है।
थानावार कार्रवाई में कोतवाली कटरा से 2, विंध्याचल से 10 तथा राजगढ़ थाना क्षेत्र से 1 व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
मीरजापुर पुलिस ने त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है।















