
ट्रेन से बिहार ले जाई जा रही 15 लीटर अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
जीआरपी मिर्जापुर की कार्रवाई, 22 हजार रुपये की शराब बरामद
मिर्जापुर। रेलवे स्टेशन मिर्जापुर पर अपराध नियंत्रण एवं अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी पुलिस ने रविवार को एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 22 हजार रुपये बताई गई है।
जीआरपी मिर्जापुर की टीम ने रविवार 1 नवंबर को ट्रेन संख्या 15657 जनरल कोच से शराब की तस्करी कर रहे बिहार निवासी मनीष कुमार (26) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 10 अदद रॉयल स्टैग व्हिस्की की 750 एमएल बोतल तथा 10 अदद रॉयल स्टैग बैरल सिलेक्ट व्हिस्की की 750 एमएल बोतल बरामद हुई। कुल 20 बोतलों में लगभग 15 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब मिली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को सुबह करीब 10:45 बजे नाजायज अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना जीआरपी मिर्जापुर में मु0अ0सं0 198/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बिहार में ऊंचे दाम पर बेचता था शराब
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिहार राज्य में शराबबंदी होने के कारण वह उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार ले जाता था और वहां ऊंचे दामों पर बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ट्रेन के माध्यम से शराब की तस्करी कर बिहार पहुंचाता था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
रेलवे पुलिस महानिदेशक प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण एवं जीआरपी मिर्जापुर थाना प्रभारी राजेश कुमार वर्मा के कुशल निर्देशन में चौकी प्रभारी जीआरपी विंध्याचल धीरेंद्र कुमार वर्मा और हमराही कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी बिहार के पटना जनपद के फतुहा थाना क्षेत्र के गढ़ोचक कपल टोला का निवासी बताया गया है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।















